



भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा अजेय कुमार को राजस्थान भाजपा का महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को राजस्थान भाजपा के संगठनात्मक ढांचे के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने अजेय कुमार के संगठनात्मक अनुभव, कार्यशैली और कार्यकर्ताओं के साथ उनके लंबे जुड़ाव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
अजेय कुमार मूलत: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं। अभी तक उत्तराखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री का जिम्मा संभाल रहे थे। जनवरी 2024 में तत्कालीन संगठन महामंत्री चंद्रशेखर का तेलंगाना ट्रांसफर होने के बाद से राजस्थान में यह पद खाली चल रहा था।
महामंत्री (संगठन) का पद भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यह पद संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, संगठन विस्तार, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के समन्वय तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। अजेय कुमार लंबे समय से संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं और विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए अपनी कार्यकुशलता का परिचय दे चुके हैं।
राजस्थान भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अजेय कुमार की नियुक्ति का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई गति मिलेगी तथा आगामी चुनावों और संगठनात्मक अभियानों में पार्टी को मजबूती प्राप्त होगी।
