Wednesday, 03 June 2026

राहुल गांधी पहुंचे पुष्कर, कांग्रेस के राष्ट्रीय चिंतन शिविर के समापन सत्र को करेंगे संबोधित


राहुल गांधी पहुंचे पुष्कर, कांग्रेस के राष्ट्रीय चिंतन शिविर के समापन सत्र को करेंगे संबोधित

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

पुष्कर/अजमेर। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार को अजमेर जिले के पुष्कर पहुंचे, जहां वे कांग्रेस के 10 दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन एवं प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। शिविर में राजस्थान और दिल्ली के जिला कांग्रेस अध्यक्षों तथा प्रदेश पदाधिकारियों को संगठनात्मक मजबूती, नेतृत्व विकास और आगामी राजनीतिक रणनीति पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

राहुल गांधी सोमवार सुबह करीब 10:05 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली,पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी ने राहुल गांधी को प्रतीकात्मक रूप से हल भेंट किया।

65 जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को देंगे प्रशिक्षण

पुष्कर स्थित वाइल्ड रोज रिसॉर्ट में आयोजित शिविर में राजस्थान के 50 और दिल्ली के 15 जिला कांग्रेस अध्यक्षों सहित कुल 65 संगठनात्मक पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। राहुल गांधी एक विशेष सत्र में जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए संगठन निर्माण, जनसंपर्क, कार्यकर्ता सशक्तिकरण और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के विषय में मार्गदर्शन देंगे।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी शिविर में बीते 10 दिनों के दौरान हुए प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा भी करेंगे और आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार रहने का संदेश देंगे।


परिवारों से भी की मुलाकात

शिविर में शामिल जिला अध्यक्षों के परिवारजन भी कार्यक्रम में पहुंचे। राहुल गांधी ने उनसे मुलाकात की, बातचीत की और सामूहिक फोटो भी खिंचवाई। इस दौरान कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने पुराने राजनीतिक अनुभव भी साझा किए।

डीडवाना-कुचामन जिला कांग्रेस अध्यक्ष के परिवार से जुड़े वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद रमजान ने राहुल गांधी से बातचीत के दौरान पार्टी के शुरुआती चुनावी दौर की यादें साझा कीं और बताया कि उस समय चुनाव प्रचार के लिए हाथ से पर्चियां तैयार की जाती थीं।

संगठनात्मक मजबूती पर रहेगा फोकस

कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि जिला अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। ऐसे में प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से उन्हें नई राजनीतिक चुनौतियों, जनसंपर्क तकनीकों और संगठनात्मक रणनीतियों से अवगत कराया जा रहा है ताकि आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत आधार मिल सके।

खड़गे का दौरा रद्द

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शिविर के समापन कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, लेकिन किसी कारणवश उनका कार्यक्रम अंतिम समय में रद्द हो गया। इसके बावजूद शिविर के समापन सत्र को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह बना हुआ है।

Previous
Next

Related Posts