



कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन के लगभग तीन सप्ताह बाद सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल का पहला बड़ा विस्तार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में कम से कम 35 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल आरएन रवि लोक भवन में नव नियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार नए मंत्रिमंडल में भाजपा के कई प्रमुख नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले चेहरों को शामिल किया जा सकता है। संभावित नामों में पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह, पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं भाजपा नेता अशोक डिंडा, पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता तथा अभिनेत्री एवं भाजपा नेता रूपा गांगुली के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं।
माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल गठन में क्षेत्रीय, सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने का प्रयास किया जाएगा, ताकि राज्य के विभिन्न हिस्सों और वर्गों को प्रतिनिधित्व मिल सके। भाजपा नेतृत्व सरकार के शुरुआती चरण में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और चुनावी वादों को लागू करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाना चाहता है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह मंत्रिमंडल विस्तार नई सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की प्रशासनिक रणनीति का संकेत देगा। हालांकि मंत्रियों की अंतिम सूची शपथ ग्रहण समारोह से पहले आधिकारिक रूप से जारी किए जाने की संभावना है।