



टोंक। जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देश पर टोंक पुलिस ने अवैध खनन और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक उर्फ अब्दुला के ठिकाने पर छापा मारा। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस थाना पुरानी टोंक और डीएसटी टीम ने कैप्टन कॉलोनी स्थित मकान से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री, वाहन और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान करीब 30 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, 184 जिलेटिन छड़ें, लगभग 800 मीटर सेफ्टी फ्यूज वायर, तीन बंडल तार, एक इलेक्ट्रिक ब्लास्टिंग मशीन, विस्फोटक सामग्री से संबंधित उपकरण, एक ट्रैक्टर, एक बोलेरो वाहन, एक मोटरसाइकिल तथा पांच धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह विस्फोटक सामग्री अवैध पत्थर खनन में ब्लास्टिंग के लिए इस्तेमाल की जा रही थी।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव और उप अधीक्षक मृत्यजय मिश्रा के सुपरविजन में पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश एवं नेमीचंद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस ने सुनियोजित तरीके से हिस्ट्रीशीटर के मकान पर दबिश देकर अवैध सामग्री को जब्त किया।
पुलिस का कहना है कि बरामद विस्फोटकों के स्रोत, इनके उपयोग और संभावित नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अब्दुल रज्जाक उर्फ अब्दुला (50) पुरानी टोंक क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। छापेमारी के दौरान वह मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी।
नवनियुक्त एसपी रोशन मीना ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, विस्फोटक पदार्थों के अवैध उपयोग और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।