



नई दिल्ली। भारतीय सशस्त्र बलों को नया नेतृत्व मिल गया है। जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने रविवार को देश के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक लॉन्स में आयोजित समारोह में उन्हें तीनों सेनाओं की ओर से औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके साथ ही वे देश के तीसरे CDS बन गए हैं।
जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने इस पद पर जनरल अनिल चौहान का स्थान लिया है, जो शनिवार को सेवानिवृत्त हुए थे। जनरल चौहान के कार्यकाल के दौरान सैन्य आधुनिकीकरण, संयुक्त सैन्य संचालन और थिएटर कमांड जैसी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया था।
पदभार संभालने के बाद जनरल सुब्रमणि ने कहा कि भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना, रक्षा मंत्रालय तथा सभी संबंधित संस्थान राष्ट्रीय सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने देश की सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा सैन्य समन्वय को और सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार नए CDS के रूप में जनरल सुब्रमणि के सामने तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, सैन्य संसाधनों का प्रभावी उपयोग, आधुनिकीकरण और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों के अनुरूप रणनीतिक तैयारी जैसे महत्वपूर्ण दायित्व होंगे।
गौरतलब है कि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ का पद देश की तीनों सेनाओं के बीच समन्वय स्थापित करने, संयुक्त सैन्य रणनीति तैयार करने और रक्षा सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए बनाया गया था। यह पद भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा संरचना में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।