



जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को प्रेरित करने, सकारात्मक सोच विकसित करने और जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का संदेश देने वाला एक सशक्त अभियान है। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात के 134 वें संस्करण का सामूहिक श्रवण करने के बाद उन्होंने यह बात कही।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश की युवा प्रतिभाओं, नवाचार, स्थानीय उत्पादों, सांस्कृतिक विरासत और जनसहभागिता से होने वाले सकारात्मक बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 100 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले युवा खिलाड़ियों का उल्लेख कर प्रधानमंत्री ने देश की नई पीढ़ी को आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भीषण गर्मी के दौरान पारंपरिक पेय पदार्थों, जल संरक्षण, जल संचयन, नदियों की स्वच्छता और तैराकी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के तहत भारतीय फलों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। राठौड़ ने कहा कि मन की बात देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों को सामने लाकर समाज में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करती है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से यदि अन्य राजनीतिक दल या संगठन भी प्रेरणा लेते हैं तो यह लोकतंत्र के लिए स्वागतयोग्य संकेत है। उन्होंने बताया कि मन की बात कार्यक्रम में कई युवा और सेवानिवृत्त कर्मचारी साइकिल से भाजपा कार्यालय पहुंचे, जो ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश है।
इस दौरान मदन राठौड़ ने राजनीतिक संवाद में मर्यादा और शालीनता बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विचारों का मतभेद स्वाभाविक है और विपक्ष का दायित्व सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना तथा अपनी बात मजबूती से रखना है। लेकिन राजनीतिक विमर्श में भाषा की गरिमा और संयम बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों और दलों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती स्वस्थ बहस, सकारात्मक संवाद और शिष्टाचारपूर्ण राजनीतिक संस्कृति में निहित है। व्यक्तिगत कटुता और अमर्यादित भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करती है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों को संयमित भाषा और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना चाहिए।
कार्यक्रम में गृहराज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी, सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, अजीत मांढण, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, आईटी प्रभारी अविनाश जोशी सहित प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ और विभागों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।