



जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल परिसर में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसा चरक भवन के पास स्थित डॉक्टर्स सेमिनार हॉल की जर्जर इमारत का छज्जा गिरने से हुआ। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और घायल व्यक्तियों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे सेमिनार हॉल की इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। मलबा उस समय नीचे सो रहे दो व्यक्तियों पर आ गिरा। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। इलाज के दौरान केकड़ी निवासी सागर (40) की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल बाबूलाल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों के अनुसार संबंधित भवन का कुछ हिस्सा पहले से जर्जर घोषित किया जा चुका था और इसके उपयोग को सीमित कर दिया गया था। इसके बावजूद दोनों व्यक्ति भवन के नीचे छाया में आराम कर रहे थे, तभी अचानक छज्जा टूटकर उनके ऊपर गिर गया।
घायल बाबूलाल ने बताया कि वह और सागर अस्पताल के पास चल रहे एक भंडारे में भोजन करने के बाद छाया में आराम करने के लिए भवन के नीचे आकर लेट गए थे। कुछ ही देर बाद अचानक पत्थर और मलबा उन पर गिरने लगा। बाबूलाल ने बताया कि सागर को गंभीर चोटें आई थीं और वह उसी के गांव का रहने वाला था।
हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी जुटाई। जर्जर भवन की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि भवन को पहले से असुरक्षित घोषित किए जाने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए।