Saturday, 30 May 2026

जयपुर में रेप की कोशिश का आरोप: महिला ने ब्लेड से काटा युवक का प्राइवेट पार्ट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR


जयपुर में रेप की कोशिश का आरोप: महिला ने ब्लेड से काटा युवक का प्राइवेट पार्ट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

जयपुर में एक महिला द्वारा परिचित युवक पर ब्लेड से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला का आरोप है कि युवक ने उसके घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया, जबकि युवक ने अपने ऊपर हुए हमले को जानलेवा बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शनिवार शाम 33 वर्षीय महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर बताया कि एक परिचित युवक पानी पीने के बहाने उसके घर में आया और उसे अकेला पाकर जबरदस्ती करने लगा। महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया, जिसके विरोध में उसने आत्मरक्षा के लिए ब्लेड से हमला कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को महिला के घर से घायल अवस्था में बरामद किया। युवक के निजी अंग और गले पर ब्लेड से गंभीर चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला और युवक वर्ष 2017 से एक-दूसरे को जानते हैं। घटना के समय युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। महिला का कहना है कि युवक ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, जबकि युवक ने पुलिस को दिए बयान में अपने ऊपर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि युवक की शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की ओर से दर्ज शिकायतों के आधार पर दुष्कर्म के प्रयास और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस घटनास्थल, मेडिकल रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts