



अजमेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब रिफाइंड पॉम ऑयल से भरा एक टैंकर मदनगंज-किशनगढ़ क्षेत्र में आरके पाटनी केंद्रीय रोडवेज बस स्टैंड के सामने स्थित पुलिया पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। टैंकर से बड़ी मात्रा में तेल सड़क पर फैल जाने के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई और सड़क फिसलनभरी हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टैंकर गुजरात के गांधीधाम से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टैंकर कथित रूप से रॉन्ग साइड से आ रहा था। पुलिया के समीप पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा रिफाइंड पॉम ऑयल सड़क पर बहने लगा, जिससे अन्य वाहनों के लिए भी खतरे की स्थिति पैदा हो गई।
घटना के तुरंत बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मदनगंज थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था संभालने के प्रयास शुरू किए। सड़क पर तेल फैला होने तथा टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन किशनगढ़ और अजमेर से फायर ब्रिगेड की टीमों को भी मौके पर बुलाया।
गनीमत यह रही कि हादसे के बाद कोई आगजनी नहीं हुई और न ही किसी जनहानि की सूचना सामने आई। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी रहीं तथा क्रेन और अन्य संसाधनों की सहायता से टैंकर को हटाने और यातायात को सामान्य बनाने की कार्रवाई की गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।