Saturday, 30 May 2026

राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री का संदेश: ईमानदारी और पारदर्शिता से ही बनेगा विकसित राजस्थान


राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री का संदेश: ईमानदारी और पारदर्शिता से ही बनेगा विकसित राजस्थान

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फेडरेशन के नवम महाधिवेशन में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना ही सुशासन की वास्तविक पहचान है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों से भ्रष्टाचार से दूर रहते हुए जनता को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने का आह्वान किया।

जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में एक आईएएस अधिकारी सहित 103 अधिकारियों को निलंबित किया गया है, छह अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त किया गया है तथा 11 भ्रष्ट अधिकारियों की आजीवन पेंशन रोकी गई है। इसके अलावा रिश्वत, आय से अधिक संपत्ति और पद के दुरुपयोग से जुड़े 108 मामलों में अभियोजन स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने नगर निकाय कर्मचारियों को शहरों की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की रीढ़ बताते हुए कहा कि प्रदेश के शहरों को देश में स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 में जयपुर ग्रेटर और उदयपुर के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि अब राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थानों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शहरी विकास को नई गति देने के लिए पेयजल, सीवरेज, ड्रेनेज और डिजिटल नगर सेवाओं का विस्तार कर रही है। अमृत 2.0 योजना के तहत राज्य के 200 शहरों और कस्बों में 11,560 करोड़ रुपये की लागत से 363 परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही नई टाउनशिप नीति-2024 लागू कर शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान और हरियालो राजस्थान अभियान के माध्यम से प्रदेश में बड़े स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। अब तक लगभग 20 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं और इस वर्ष 10 करोड़ अतिरिक्त पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों, कर्मचारियों और आमजन के कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। वहीं नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कर्मचारी कल्याण स्मारिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन, राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष भागचंद श्रीमाल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts