



जयपुर। राजधानी जयपुर के बजाज नगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से थार गाड़ी चलाकर कई खड़े वाहनों को टक्कर मारने तथा मौके से फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार जीप भी बरामद कर जब्त कर ली है।
डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि 22 मई की रात अर्जुन नगर फाटक के पास बरकत नगर इलाके में एक थार चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मार दी थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया था। फुटेज में दिखाई दिया कि तेज रफ्तार थार के सामने आने वाले पैदल यात्री भी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने पहले सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद पास खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। जिस कार को टक्कर लगी उसमें एक महिला सहित अन्य लोग सवार थे। अचानक हुई टक्कर से कार में बैठे लोग घबरा गए और तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर बजाज नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और फुटेज विश्लेषण के आधार पर दुर्घटना में प्रयुक्त थार वाहन की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने वाहन चालक को चिन्हित कर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू दायमा (28) पुत्र गुरूदयाल दायमा गुर्जर निवासी ग्राम मेहाडा, तहसील खेतड़ी, जिला झुंझुनूं तथा वर्तमान में गायत्री नगर, पटेल नगर, मानसरोवर, जयपुर निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार जीप (आरजे 18 सीएस 4426) बरामद कर जब्त कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।