Saturday, 30 May 2026

नींदड ईको ट्रेल का उद्घाटन: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिया जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश


नींदड ईको ट्रेल का उद्घाटन: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिया जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर के नींदड वन क्षेत्र में विकसित नींदड-बैनाड़ बायोडायवर्सिटी प्रोजेक्ट ईको ट्रेल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत एनिकट पर श्रमदान कर जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया तथा आमजन से जल संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पीपल वृक्ष का पूजन किया। उन्होंने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने सफेद चंदन का पौधा लगाया, पक्षियों के लिए परिंडे बांधे तथा महिलाओं को तुलसी के पौधे वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नींदड वन क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार इस क्षेत्र में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाकर इसे प्रकृति पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाएं नहीं बल्कि जनआंदोलन बनने चाहिए, तभी स्थायी परिणाम प्राप्त होंगे।

उन्होंने बताया कि वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत प्रदेशभर में एनिकट, तालाब और अन्य जल संचय संरचनाओं का निर्माण एवं पुनर्जीवन किया जा रहा है, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण सुनिश्चित हो सके। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से प्रेरणा लेते हुए राज्य सरकार ने इस वर्ष 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान को जल आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हरियालो राजस्थान अभियान और वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और जनभागीदारी आधारित विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नींदड वन क्षेत्र में आमजन के लिए ट्रैक, प्रकृति भ्रमण मार्ग और अन्य पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं का विकास किया जाए, जिससे लोग प्रकृति से जुड़ सकें और इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

    Previous
    Next

    Related Posts