



टोंक। टोंक जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने कार्यभार संभालने के बाद पहली अपराध समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अवैध बजरी खनन, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि टोंक को अपराध मुक्त जिला बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस लाइन टोंक स्थित सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थानाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसपी रोशन मीणा ने पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप कानून व्यवस्था बनाए रखने, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा महिला, बाल एवं यौन अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एसपी ने अवैध बजरी खनन और परिवहन पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसके विरुद्ध व्यापक रणनीति बनाकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि चाहे बजरी खनन हो या किसी अन्य प्रकार का अपराध, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
मीडिया से बातचीत में रोशन मीणा ने कहा कि साइबर अपराध आज देश की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन चुका है। टोंक जिले में साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक और जागरूकता अभियान दोनों का सहारा लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों को प्रभावी रूप से लागू करते हुए टोंक जिले को मॉडल जिले के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आमजन को त्वरित और पारदर्शी न्याय व्यवस्था का लाभ मिल सके।
बैठक में एसपी ने साइबर अपराध, साइबर फ्रॉड, जुआ-सट्टा, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
ऑपरेशन संकल्प के तहत नशा मुक्त टोंक अभियान
एसपी रोशन मीणा ने "ऑपरेशन संकल्प" के तहत चलाए जा रहे नशा मुक्त टोंक अभियान की समीक्षा करते हुए नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता के साथ संवाद और विश्वास भी मजबूत किया जाए, ताकि आमजन पुलिस से जुड़कर अपराधों की रोकथाम में सहयोग कर सकें।