



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित सरस पार्लर पहुंचकर डेयरी क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने सरस छाछ का स्वाद लिया और आमजन से स्थानीय उत्पादों को अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। इससे प्रदेश के पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों को नियमित आय के अवसर मिल रहे हैं, साथ ही गांवों में रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और आत्मनिर्भरता को बल मिल रहा है।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरस के माध्यम से आमजन को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे न केवल स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी बल्कि लोगों को शुद्ध और बेहतर खाद्य सामग्री भी उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने सरस पार्लर परिसर का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध विभिन्न दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पार्लर के कर्मचारियों और उपस्थित लोगों से आत्मीय संवाद किया तथा डेयरी क्षेत्र से जुड़े प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार डेयरी क्षेत्र के विकास, पशुपालकों के कल्याण और सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में डेयरी क्षेत्र की भूमिका महत्वपूर्ण है और सरकार इस दिशा में हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।