Saturday, 29 August 2026

ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, सीबीआई ने रिटायर्ड जज और सास गिरिबाला सिंह को किया गिरफ्तार


ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, सीबीआई ने रिटायर्ड जज और सास गिरिबाला सिंह को किया गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

भोपाल। अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी सास और सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने लंबी पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की। गिरिबाला सिंह पर मामले से जुड़े साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप हैं।

जानकारी के अनुसार सीबीआई की टीम गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे गिरिबाला सिंह के भोपाल स्थित आवास पर पहुंची थी। अधिकारियों ने लगभग सात घंटे तक उनसे पूछताछ की। पूछताछ के बाद शाम करीब 5 बजकर 10 मिनट पर उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई अधिकारी उन्हें मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) परिसर लेकर पहुंचे, जहां मेडिकल बोर्ड से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें भोपाल स्थित सीबीआई कार्यालय ले जाया गया।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार गिरिबाला सिंह को शुक्रवार को सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां एजेंसी उनकी रिमांड की मांग कर सकती है। जांच एजेंसी मामले में साक्ष्यों को प्रभावित करने और जांच में बाधा डालने के आरोपों की पड़ताल कर रही है।

इस कार्रवाई से एक दिन पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। हाईकोर्ट ने अपने 17 पन्नों के आदेश में कहा कि मामले की गंभीरता, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आरोपी को राहत देना उचित नहीं होगा।

ट्विशा शर्मा की मौत का मामला लंबे समय से चर्चा में है और इसकी जांच सीबीआई कर रही है। एजेंसी विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है तथा कथित साक्ष्य छेड़छाड़ और अन्य आरोपों की जांच जारी है।

    Previous
    Next

    Related Posts