Saturday, 29 August 2026

जयपुर ईदगाह में गोवंश संरक्षण को लेकर प्रदर्शन, गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की उठी मांग


जयपुर ईदगाह में गोवंश संरक्षण को लेकर प्रदर्शन, गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की उठी मांग

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। ईद-उल-अजहा के मौके पर जयपुर के दिल्ली बाईपास स्थित ईदगाह के बाहर राजस्थान हज वेलफेयर सोसाइटी की ओर से विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने और गोवंश संरक्षण के लिए पूरे देश में सख्त एवं समान कानून लागू करने की मांग उठाई गई।

राजस्थान हज वेलफेयर सोसाइटी के नेतृत्व में आयोजित इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और गोसंरक्षण के समर्थन में संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक मूल्यों का महत्वपूर्ण प्रतीक है, इसलिए गोवंश को पूर्ण संरक्षण मिलना चाहिए।

सोसाइटी के महासचिव हाजी शेख निजामुद्दीन ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि गाय को राष्ट्र पशु घोषित किया जाए और गोवंश संरक्षण के लिए पूरे देश में एक समान तथा सख्त कानून लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि इस विषय पर राजनीति समाप्त होनी चाहिए और गोसंरक्षण को राष्ट्रीय स्तर पर अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ईद-उल-अजहा केवल कुर्बानी का पर्व नहीं बल्कि मानवता, करुणा और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाला त्योहार है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने गोसंरक्षण के समर्थन में नारे लगाए और समाज व सरकार से मिलकर गोवंश संरक्षण की दिशा में काम करने की अपील की।

आयोजन के दौरान लोगों ने प्रशासन तक शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग पहुंचाने की बात कही। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से गोवंश संरक्षण के साथ सामाजिक जागरूकता और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देने का प्रयास किया गया।

Previous
Next

Related Posts