



जयपुर। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए सोना तस्करी के मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया है। आरोपी यात्री के कब्जे से करीब 2.08 किलोग्राम तस्करी का सोना बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 3.23 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आरोपी यात्री बुधवार, 27 मई को शारजाह से जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा था। डीआरआई अधिकारियों को यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके ट्रॉली बैग में कपड़ों और अन्य सामान के बीच कई ट्यूब छिपाकर रखी हुई मिलीं।
अधिकारियों ने जब ट्यूबों की जांच की तो उनमें पेस्ट जैसा पदार्थ भरा हुआ मिला। पूछताछ के दौरान यात्री घबरा गया, जिसके बाद डीआरआई टीम ने ट्यूबों को दबाकर देखा। जांच में सामने आया कि पेस्ट के रूप में सोना छिपाकर लाया गया था।
डीआरआई अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया और उसके कब्जे से करीब 2 किलो 8 ग्राम सोना बरामद किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गिरफ्तार यात्री राजस्थान के बीकानेर जिले का निवासी बताया जा रहा है।
फिलहाल डीआरआई टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सोना तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी इससे पहले भी तस्करी गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं।
जयपुर एयरपोर्ट पर हाल के समय में सोना तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। तस्कर लगातार नए तरीकों से सोना छिपाकर भारत लाने की कोशिश कर रहे हैं, जिस पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं।