Thursday, 28 May 2026

अजमेर में पूर्व सरपंच परिवार हत्याकांड का खुलासा, पहली पत्नी ने बच्चों के साथ मिलकर की थी हत्या


अजमेर में पूर्व सरपंच परिवार हत्याकांड का खुलासा, पहली पत्नी ने बच्चों के साथ मिलकर की थी हत्या

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अजमेर। अजमेर जिले में पूर्व सरपंच और उनके परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर शवों को स्कॉर्पियो में जलाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पूर्व सरपंच की पहली पत्नी, बेटी और नाबालिग बेटे ने मिलकर खेत में काम आने वाले धारदार औजार से चारों की गला काटकर हत्या की थी। बाद में घटना को हादसे का रूप देने के लिए शवों को वाहन में डालकर आग लगा दी गई।

यह वारदात श्रीरामपुरा गांव में गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सामने आई थी। मृतकों में पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी मां पूर्व सरपंच पूसी देवी, दूसरी पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीन शव स्कॉर्पियो वाहन के अंदर मिले थे, जबकि सुरज्ञान देवी का अधजला शव खेत में पड़ा मिला था।

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि मामले में पूर्व सरपंच की पहली पत्नी सुनीता (45) को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उनकी 19 वर्षीय बेटी और 17 वर्षीय बेटे को डिटेन किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से कथित प्रताड़ना से परेशान थे।

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को दुर्घटना या आगजनी का रूप देने के उद्देश्य से शवों को स्कॉर्पियो में डालकर वाहन में आग लगा दी। जांच में यह भी सामने आया कि पूर्व सरपंच परिवार के भीतर लंबे समय से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

स्थानीय सरपंच भागचंद चौधरी ने बताया कि सुबह करीब छह बजे सूचना मिली थी कि श्रीरामपुरा रोड पर एक वाहन में आग लगी हुई है। मौके पर पहुंचने पर एक महिला खेत में पड़ी मिली, जिसे एक ट्रक चालक ने बाहर निकाला था। बाद में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू की थी। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगने पर परिवार और नजदीकी लोगों से पूछताछ की गई, जिसके बाद हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Previous
Next

Related Posts