Thursday, 28 May 2026

सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार बन सकते हैं कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री


सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार बन सकते हैं कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बेंगलुरु में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि पार्टी हाईकमान जब भी कहेगा, वे पद छोड़ देंगे। सिद्धारमैया ने कहा कि बुधवार को हाईकमान ने इस्तीफा देने के लिए कहा और आज उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया।

सिद्धारमैया ने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल थावरचंद गहलोत के सचिव को सौंपा है। राज्यपाल फिलहाल पारिवारिक कारणों से बेंगलुरु से बाहर बताए जा रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी मौजूद रहे।

हालांकि प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेतृत्व की ओर से अगले मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं की गई, लेकिन राजनीतिक हलकों में डीके शिवकुमार का नाम लगभग तय माना जा रहा है। इससे पहले सिद्धारमैया ने अपने आवास पर मंत्रियों के साथ बैठक कर फैसले की जानकारी दी।

बैठक के दौरान भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छुए और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इसे कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के दौरान एकजुटता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं राज्य सरकार में मंत्री एच.के. पाटिल ने संकेत दिए कि डीके शिवकुमार के नाम पर सहमति बन चुकी है और वही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे। हालांकि पार्टी हाईकमान की औपचारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों और संगठनात्मक संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव कर रही है। सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद अब पूरे देश की नजर कांग्रेस नेतृत्व के अगले फैसले पर टिकी हुई है।

    Previous
    Next

    Related Posts