Thursday, 28 May 2026

पुष्कर डेजर्ट सफारी हादसा: तेज रफ्तार जीप पलटी, उदयपुर के 18 पर्यटक घायल


पुष्कर डेजर्ट सफारी हादसा: तेज रफ्तार जीप पलटी, उदयपुर के 18 पर्यटक घायल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अजमेर। पुष्कर के रेतीले धोरों में गुरुवार को डेजर्ट सफारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार जीप के पलटने से उदयपुर से घूमने आए एक ही परिवार के 18 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुष्कर थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार उदयपुर के निकट बलाना कलां गांव निवासी पंकज जैन अपने परिवार के 18 सदस्यों के साथ पुष्कर घूमने आए थे। परिवार के सदस्य रेतीले धोरों में डेजर्ट सफारी का आनंद ले रहे थे, तभी तेज गति से दौड़ रही जीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।

परिजनों ने बताया कि हादसे में कई लोगों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं, जबकि एक सदस्य की कमर में गंभीर चोट लगी है। घायलों में छह लोगों को अधिक चोटें आने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पर्यटक परिवार ने आरोप लगाया कि जीप चालक वाहन को अत्यधिक तेज गति से चला रहा था। परिवार के लोगों ने चालक को कई बार धीमी गति से वाहन चलाने के लिए कहा, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। उन्होंने यह भी बताया कि अधिक सदस्य होने के कारण उन्होंने दो अलग-अलग जीपों की मांग की थी, लेकिन संचालक ने सभी को एक ही वाहन में बैठा दिया।

हादसे में घायल लोगों में शैलेन्द्र जैन, रूपी देवी, टीना जैन, पलक, संयम, पंकज जैन, अनुशिका जैन, कल्पना जैन, रौनक, हिमानी, सुनील जैन, रेखा जैन, विरल, समयक, निर्मल जैन, मनीषा जैन, विधिका और नक्ष शामिल हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार पुष्कर में डेजर्ट सफारी के दौरान पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। वर्ष 2022 में भी एक सफारी वाहन पलटने से नौ पर्यटक घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में करीब 60 डेजर्ट सफारी वाहन संचालित हो रहे हैं और प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।

जानकारी यह भी सामने आई है कि कई डेजर्ट सफारी वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। कुछ वाहन बिना परमिट और रजिस्ट्रेशन के भी संचालित किए जा रहे हैं। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस पर सुरक्षा नियमों की सख्ती से पालना करवाने का दबाव बढ़ गया है।

Previous
Next

Related Posts