Saturday, 29 August 2026

जयपुर में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा, मुफ्ती नोमानी ने सौहार्द और साफ-सफाई की अपील की


जयपुर में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा, मुफ्ती नोमानी ने सौहार्द और साफ-सफाई की अपील की

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। बकरा ईद (ईद-उल-अजहा) के मौके पर गुरुवार को जयपुर के दिल्ली बाईपास स्थित ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान शहर के मुफ्ती मोहम्मद जाकिर नोमानी ने लोगों से कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द कायम रखने की अपील की।

मुफ्ती नोमानी ने कहा कि कुर्बानी के दौरान ऐसी कोई गतिविधि नहीं होनी चाहिए जिससे शाकाहारी लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचे। उन्होंने कहा कि कुर्बानी घरों के भीतर या निर्धारित स्थानों पर की जाए, लेकिन उससे संबंधित गंदगी सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फैलनी चाहिए। उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि कुर्बानी के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा न करें, क्योंकि इससे समाज में विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है।

कार्यक्रम के दौरान चीफ काजी खालिद उस्मानी ने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए और गोहत्या के मामलों में सख्त सजा का प्रावधान पूरे देश में समान रूप से लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे इस मुद्दे पर होने वाली राजनीति समाप्त हो सकेगी।

खालिद उस्मानी ने यह भी बताया कि मुस्लिम समाज द्वारा ईद के मौके पर शुरू किए गए नशा विरोधी अभियान के तहत अब तक 160 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों में यह अभियान लगातार जारी है। साथ ही सोशल मीडिया पर धार्मिक नफरत फैलाने वाले लोगों के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पुलिस के सहयोग से भाईचारे और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी गई। वहीं कार्यक्रम के दौरान विधायक रफीक खान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने ईदगाह के निर्माण और विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ 80 लाख रुपये स्वीकृत किए थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने उस राशि को रोक दिया है।

रफीक खान ने आरोप लगाया कि बजट जारी नहीं होने के कारण ईदगाह का विकास कार्य अधूरा पड़ा हुआ है और लोगों को आज भी टूटे-फूटे परिसर में नमाज अदा करनी पड़ रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्वीकृत राशि जल्द जारी कर अधूरे कार्य पूरे करवाए जाएं, ताकि नमाजियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

    Previous
    Next

    Related Posts