



कर्नाटक की राजनीति में आज बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज दोपहर 3 बजे अपने पद से इस्तीफा देंगे। गुरुवार सुबह बेंगलुरु स्थित उनके आवास पर मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने अपने फैसले की जानकारी मंत्रिमंडल के सदस्यों को दी।
बैठक में उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी पहुंचे। बैठक के दौरान भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छुए और इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें गले लगा लिया। राजनीतिक हलकों में इसे नेतृत्व परिवर्तन का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।
कर्नाटक सरकार में मंत्री एचके पाटिल ने बताया कि बैठक में डीके शिवकुमार के नाम पर सहमति बन गई है और वही राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस नेतृत्व की ओर से भी इस बदलाव को लेकर अंतिम सहमति बनने की चर्चा है।
सूत्रों के अनुसार सिद्धारमैया ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात के लिए समय मांगा था। हालांकि पारिवारिक कारणों से राज्यपाल फिलहाल बेंगलुरु से बाहर बताए जा रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा राजभवन कार्यालय को सौंप सकते हैं।
संवैधानिक प्रक्रिया के अनुसार यदि राज्यपाल राज्य में मौजूद नहीं हों, तब भी मुख्यमंत्री अपना लिखित इस्तीफा राजभवन अधिकारियों को ई-मेल अथवा व्यक्तिगत रूप से सौंप सकते हैं। राज्यपाल बाद में औपचारिक रूप से इस्तीफा स्वीकार करते हैं। इस्तीफा स्वीकृत होने तक मौजूदा मुख्यमंत्री ही पद पर बने रहते हैं।
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक चर्चाएं तेज थीं। अब डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है। इस घटनाक्रम पर पूरे देश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।