Saturday, 29 August 2026

जयपुर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार


जयपुर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर कमिश्नरेट के पश्चिम जिले में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने सुनसान इलाके में युवती के साथ गैंगरेप किया और घटना के बाद उसे जंगल क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता राजस्थान के बाहर की रहने वाली है और वर्तमान में जयपुर में रह रही थी। शिकायत में युवती ने बताया कि वह अपने एक परिचित युवक के साथ मंदिर गई थी। दोनों पहाड़ी क्षेत्र में बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी वहां पहुंचे तीन युवकों ने सुनसान स्थान का फायदा उठाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि वारदात के दौरान आरोपियों ने उसके साथ आए युवक के साथ भी मारपीट की और उसे जंगल की ओर ले जाकर बंधक बनाकर बैठा दिया, ताकि वह विरोध न कर सके। घटना के बाद आरोपी दोनों को धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार यह घटना 23 मई की बताई जा रही है। आरोप है कि घटनास्थल पर पहुंचे तीन स्थानीय युवकों ने पूरी वारदात का मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता और उसके साथी को चुप रहने के लिए डराया।

घटना के बाद युवती किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर शाम को अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। अगले दिन वह थाने पहुंची, लेकिन शुरुआत में बदनामी के डर से रिपोर्ट दर्ज कराने से हिचकिचा रही थी। बाद में पुलिस द्वारा पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिए जाने पर पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। साथ ही तीनों संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक होमगार्ड जवान भी बताया जा रहा है। पुलिस ने तीनों को बापर्दा गिरफ्तार किया है।

मामले की जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता के न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाए जा रहे हैं। इसके बाद आरोपियों की जेल में पहचान परेड कराई जाएगी।

Previous
Next

Related Posts