



राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा बुधवार को जोधपुर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वेयरहाउस और फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण कर खाद और बीज के स्टॉक की जांच की। मंत्री के अचानक निरीक्षण से खाद-बीज कारोबारियों और मुनाफाखोरों में हड़कंप मच गया।
कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा सर्किट हाउस से अपने काफिले के साथ मंडोर स्थित वेयरहाउस पहुंचे, जहां उन्होंने खाद और बीज के स्टॉक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोदामों में रखे रजिस्टरों और रिकॉर्ड की भी बारीकी से जांच की। अधिकारियों को स्टॉक और गुणवत्ता को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके बाद कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा ने तीन अलग-अलग फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया, जिनमें जोधपुर के बोरानाडा स्थित बालाजी मूंगफली फैक्ट्री भी शामिल रही। निरीक्षण के दौरान उत्पादन, भंडारण और गुणवत्ता से जुड़े पहलुओं की जांच की गई। अधिकारियों और कर्मचारियों में मंत्री के दौरे को लेकर हलचल बनी रही।
जानकारी के अनुसार कृषि मंत्री सुबह करीब साढ़े दस बजे मंडोर से बालसमंद की ओर रवाना हुए। इसके बाद वे सूरसागर चोपड़ होते हुए गोलासनी पहुंचे और वहां से चौखा क्षेत्र की ओर गए। इस पूरे दौरे को बेहद गोपनीय रखा गया था।
कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा के इस औचक निरीक्षण को मानसून सीजन से पहले नकली खाद और घटिया बीज बेचने वाली कंपनियों के खिलाफ संभावित कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। कृषि विभाग की ओर से गुणवत्ता नियंत्रण और किसानों के हितों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ाई जा रही है।