



जयपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। हादसा सांगानेर थाना क्षेत्र में कृषि अनुसंधान केंद्र के पास हुआ, जहां नाकाबंदी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे कॉन्स्टेबल की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कॉन्स्टेबल लोकेंद्र की मौके पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक भी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। सांगानेर थाना प्रभारी लिखमाराम ने बताया कि कॉन्स्टेबल लोकेंद्र सुभाष चौक क्षेत्र में नाकाबंदी ड्यूटी करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सांगानेर इलाके में उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान कॉन्स्टेबल लोकेंद्र ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल युवक का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार मृतक कॉन्स्टेबल लोकेंद्र भरतपुर जिले के निवासी थे और जयपुर पुलिस लाइन में तैनात थे। हादसे के समय उनके साथ बाइक पर एक अन्य सिविल व्यक्ति भी सवार था।
पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि बाइक का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।