Wednesday, 27 May 2026

खाटूश्यामजी में कमरे दिलाने को लेकर खूनी विवाद, एजेंट पर लाठियों से हमला


खाटूश्यामजी में कमरे दिलाने को लेकर खूनी विवाद, एजेंट पर लाठियों से हमला

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

सीकर जिले के खाटूश्यामजी में गेस्ट हाउस में श्रद्धालुओं को कमरा दिलाने को लेकर हुए विवाद में एक एजेंट पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई युवक मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब एक बजे की है। खाटूश्यामजी थाना प्रभारी पवन चौबे ने बताया कि घायल करण कुमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि श्रद्धालुओं को गेस्ट हाउस में कमरा दिलाने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस वीडियो और पीड़ित के बयान के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार खाटूश्यामजी में होटल और गेस्ट हाउस संचालकों के बीच श्रद्धालुओं को अपने यहां ठहराने की होड़ लगी रहती है। एजेंट भक्तों को अपने-अपने गेस्ट हाउस में ले जाने का काम करते हैं। इसी को लेकर मंगलवार रात विवाद बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि एजेंट करण कुमार श्रद्धालुओं को अपने गेस्ट हाउस में लेकर जा रहा था। इसी दौरान एमजी गेस्ट हाउस से जुड़े करीब 7-8 युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में करण के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक जमीन पर गिर गया, लेकिन इसके बाद भी हमलावर लगातार उस पर डंडों से वार करते रहे।

घटना के बाद घायल को खाटूश्यामजी उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सीकर के एसके अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसे राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया। वीडियो में कई युवक एक व्यक्ति को घेरकर लाठियों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि खाटूश्यामजी में इस तरह की मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। व्यापारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस से कड़े इंतजाम करने की मांग की है।

    Previous
    Next

    Related Posts