



कांग्रेस की अजमेर उत्तर ब्लॉक ए एवं उत्तर ब्लॉक बी कांग्रेस कमेटी द्वारा सोमवार को पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, महंगाई, नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण तथा अजमेर में अनियमित पेयजल आपूर्ति के विरोध में जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्योतिबा सर्किल से अंबेडकर सर्किल होते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला।
प्रदर्शन का नेतृत्व राजस्थान पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ एवं पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने किया। इसके बाद राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर लोकबंधु को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में विशेष रूप से अजमेर में पेयजल संकट की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा गया कि शहर के अधिकांश क्षेत्रों में चार से पांच दिन के अंतराल में बेहद कम दबाव से पानी की आपूर्ति की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। जिला कलेक्टर ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अजमेर उत्तर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद शैलेंद्र अग्रवाल तथा वाहिद मोहम्मद ने बताया कि ज्ञापन में देशभर में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार वृद्धि तथा बिजली-पानी की आपूर्ति में कमी को आमजन के लिए गंभीर समस्या बताया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल दिखावे और आयोजन आधारित राजनीति कर रही है। साथ ही नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद अजमेर में मात्र 30 मिनट के लिए कम दबाव में पेयजल आपूर्ति दी जा रही है, जबकि बीसलपुर बांध और फॉयसागर तालाब पूरी तरह भरे हुए हैं। इसके बावजूद आम नागरिकों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ज्ञापन में राज्यपाल से इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई।
प्रदर्शन में कांग्रेस नेता फखरे मोइन, नौरत गुजर, कमल वर्मा, आरिफ हुसैन, सर्वेश पारीक, हेमंत जोधा, नितिन जैन, भवानी धाबाई, जूनेद पठान, आरिफ खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
