



जयपुर | राजस्थान सरकार की मासिक पत्रिका ‘सुजस’ में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं के सम्मान में मंगलवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा विशेष सम्मान समारोह एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त राकेश शर्मा ने विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रकाशित साहित्य सामग्री भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर आयुक्त राकेश शर्मा ने कहा कि ‘सुजस’ पत्रिका राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और समसामयिक विषयों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जरिए युवाओं और पाठकों में ज्ञानवर्धन के साथ-साथ सामाजिक और प्रशासनिक जागरूकता भी बढ़ रही है।
कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने विजेताओं से आत्मीय संवाद किया और उनके अनुभव जाने। उन्होंने प्रतिभागियों को निरंतर अध्ययन करने, समसामयिक विषयों से जुड़े रहने तथा रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
विजेताओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ‘सुजस’ ई-बुलेटिन और मासिक पत्रिका के माध्यम से उन्हें राजस्थान के इतिहास, कला-संस्कृति, प्रशासनिक गतिविधियों और विकास कार्यों की प्रमाणिक जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होती है। प्रतिभागियों ने बताया कि क्विज प्रतियोगिता ने उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित की है और सामान्य ज्ञान को मजबूत करने में भी मदद की है।
सम्मान समारोह में झालावाड़ के राकेश कुमार लववंशी, कोटा के अंकित मालव, जयपुर के कमल वर्मा, कुचामन-डीडवाना के रामस्वरूप मिर्धा, चूरू के सांवरमल सिहाग, जयपुर की नीलम सवाई सिंह जग्गुका और शुभम कुमार शर्मा सहित अन्य विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) गोरधन लाल शर्मा, अतिरिक्त निदेशक (पत्र पंजीयन) नर्बदा इंदौरिया, वित्तीय सलाहकार रोहताश सिंह यादव, ‘सुजस’ के संपादक अजय कुमार तथा विभागीय अधिकारी एवं सुजस टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।