



अजमेर | अजमेर जिले में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नौलखा गांव से सोमवार दोपहर अपने मंगेतर के साथ कार में निकली युवती का शव बाद में खोड़ा गणेश गांव की पहाड़ियों के पास मिला। मृतका के परिजनों ने मंगेतर और उसके साथियों पर सामूहिक दुष्कर्म और गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में गेगल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुबानी, खोड़ा गणेश, साला की ढाणी निवासी प्रकाश सिंह रावत सोमवार को अपनी मंगेतर को कार में घुमाने के लिए ले गया था। कुछ समय बाद युवती के पिता को सूचना मिली कि दोनों ने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया है और उन्हें किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो युवती मृत अवस्था में मिली, जबकि मंगेतर प्रकाश सिंह का इलाज चल रहा था। मृतका के पिता ने बेटी के गले पर चोट और दबाव के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि युवती के साथ गैंगरेप कर उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तुरंत जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। वारदात की सूचना मिलने पर वृत्ताधिकारी अजमेर ग्रामीण रामचन्द्र चौधरी और गेगल थानाधिकारी नरपत राम बाना भी मौके और अस्पताल पहुंचे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती और प्रकाश सिंह की करीब 5-6 वर्ष पहले सगाई हुई थी। सोमवार को दोनों कार से खोड़ा गणेश क्षेत्र की सुनसान पहाड़ियों में पहुंचे थे। आशंका जताई जा रही है कि वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आवेश में आकर युवती की हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना के बाद प्रकाश सिंह ने अपने पिता भंवर सिंह उर्फ कालू को सूचना दी और कथित रूप से विषाक्त सेवन की कहानी बनाई गई।
हत्या की आशंका के चलते पुलिस ने एफएसएल और एमओबी टीम को मौके पर बुलाया। जांच टीम ने कार और घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। कार से युवती की टूटी हुई चप्पल, बीयर की बोतल और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल, घटनास्थल की परिस्थितियों और संदिग्धों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। “पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट”
मृतका के पिता ने बताया कि सोमवार सुबह वह काम पर चले गए थे। उनकी पत्नी और बेटी फैक्ट्री में काम करती थीं, लेकिन पैर में दर्द होने के कारण बेटी घर पर ही रुक गई थी। इसी दौरान मंगेतर उसे अपने साथ लेकर गया था। वृत्ताधिकारी रामचन्द्र चौधरी ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर अपहरण, दुष्कर्म और हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।