Sunday, 31 May 2026

नौतपा के पहले दिन राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर, कोटा सबसे गर्म; 27-28 मई से मौसम बदलने की उम्मीद


नौतपा के पहले दिन राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर, कोटा सबसे गर्म; 27-28 मई से मौसम बदलने की उम्मीद

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान में नौतपा की शुरुआत भीषण गर्मी और हीटवेव के साथ हुई है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान पूरी तरह साफ रहा और दिनभर तेज धूप के साथ लू चलती रही। कोटा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी जयपुर में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया और यहां का तापमान बाड़मेर व जोधपुर से भी अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई जिलों में हीटवेव का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि 27 मई की देर शाम या 28 मई से एक नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से कुछ इलाकों में मौसम बदलने और राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

19 जिलों में हीटवेव अलर्ट, 16 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 26 मई को जैसलमेर और जोधपुर में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बाड़मेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बारां, कोटा, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में यलो अलर्ट रहेगा।

इसके साथ ही 27 से 29 मई के बीच राज्य के उत्तर-पूर्वी और पूर्वी हिस्सों में धूलभरी आंधी, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिसका असर राजस्थान के मौसम पर भी देखने को मिलेगा।

जयपुर में बाड़मेर और जोधपुर से ज्यादा गर्मी

राजधानी जयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर तेज गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। स्थिति यह रही कि रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। लगातार दूसरे दिन नगर निगम की ओर से प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया गया ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके।

कोटा बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर

कोटा में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवा का असर दिखा। यहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। न्यूनतम तापमान भी 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।

अलवर में शाम तक बना रहा गर्मी का असर

अलवर में सोमवार को तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शाम 7 बजे तक भी तापमान करीब 41 डिग्री बना रहा। तेज गर्म हवा और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने यहां अगले दो दिनों तक हीटवेव जारी रहने की चेतावनी दी है।

उदयपुर में धूप और गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

लेकसिटी उदयपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप और गर्म हवा के कारण लोगों को गर्मी से जूझना पड़ा। हालांकि रात के तापमान में करीब डेढ़ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

जोधपुर में उमस ने बढ़ाई परेशानी

जोधपुर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। तापमान अपेक्षाकृत कम रहने के बावजूद दिनभर उमस के कारण लोग परेशान रहे। मौसम विभाग ने यहां हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

सीकर में नौतपा के दौरान 46 डिग्री पार जाने की आशंका

सीकर जिले में तेज धूप और गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि नौतपा के दौरान यहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

अजमेर में गर्मी के साथ धूलभरी हवा की संभावना

अजमेर में सोमवार को अधिकतम तापमान 41.5 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार यहां हीटवेव की संभावना कम है, लेकिन तेज गर्मी, उमस और धूलभरी हवा लोगों को परेशान कर सकती है।

28 मई से मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 मई से राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, हल्की बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। इससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के शुरुआती तीन दिन सबसे अधिक गर्म रह सकते हैं, जबकि महीने के अंत तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

स्वास्थ्य विभाग की सलाह

भीषण गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने, अधिक पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। चिकित्सकों ने कहा है कि लू के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।

Previous
Next

Related Posts