



नई दिल्ली | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित भव्य समारोह में देश की 66 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। समारोह में कला, खेल, साहित्य, विज्ञान, सामाजिक सेवा और लोक परंपराओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले दिवंगत फिल्म अभिनेता धर्मेन्द्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी पत्नी अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी ने ग्रहण किया।
समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इसी वर्ष वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था। खेल जगत में उनके योगदान और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
वर्ष 2026 के लिए केंद्र सरकार द्वारा कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई थी। पहले चरण में 66 हस्तियों को सम्मानित किया गया है, जबकि शेष 65 पुरस्कार विजेताओं को अगले चरण में सम्मान प्रदान किया जाएगा। हालांकि दूसरे चरण की तारीखों की घोषणा अभी नहीं की गई है।
पद्म पुरस्कारों में पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री शामिल हैं, जिन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिना जाता है। हर वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को यह सम्मान प्रदान किया जाता है।
समारोह के दौरान पुडुचेरी के प्रसिद्ध सिलंबम गुरु के. पजनीवेल विशेष चर्चा में रहे। उन्हें पारंपरिक भारतीय मार्शल आर्ट ‘सिलंबम’ के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान ग्रहण करने से पहले उन्होंने जमीन पर लेटकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को प्रणाम किया, जिसका वीडियो और दृश्य समारोह में आकर्षण का केंद्र बन गया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी अनेक जानी-मानी हस्तियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ये सम्मान देश की प्रतिभा, समर्पण और सेवा भावना का प्रतीक हैं। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद और कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।