Monday, 25 May 2026

भारत-पाक सीमा से अमित शाह करेंगे ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2’ की शुरुआत, 184 सीमावर्ती गांवों को मिलेगा विकास का नया मॉडल


भारत-पाक सीमा से अमित शाह करेंगे ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2’ की शुरुआत, 184 सीमावर्ती गांवों को मिलेगा विकास का नया मॉडल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बीकानेर | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को बीकानेर से सटे भारत-पाकिस्तान बॉर्डर क्षेत्र से ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2’ की शुरुआत करेंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत राजस्थान के भारत-पाक सीमा से जुड़े 184 गांवों को सड़क, 4जी मोबाइल नेटवर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। केंद्र सरकार की इस योजना का उद्देश्य सीमावर्ती गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और वहां रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।

अमित शाह इसके बाद बीकानेर के सांचू पोस्ट के लिए रवाना होंगे, जहां वे सीमा पर तैनात सेना और बीएसएफ के जवानों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे वॉच टावर से पाकिस्तान सीमा का अवलोकन भी करेंगे। बताया जा रहा है कि सांचू पोस्ट से अंतरराष्ट्रीय सीमा महज 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी इस दौरान उनके साथ मौजूद रहेंगे।

सोमवार रात बीकानेर पहुंचे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार रात करीब 10:30 बजे विशेष विमान से नाल एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद शाह बीकानेर-जयपुर रोड स्थित बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय में बने गेस्ट हाउस के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया।

गृह मंत्री के दौरे को लेकर पूरे बीकानेर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्य सचिव सुधांश पंत, केंद्रीय गृह सचिव, बीएसएफ महानिदेशक और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी पहले ही बीकानेर पहुंच चुके हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा एजेंसियों की विशेष निगरानी जारी है।

सीमावर्ती गांवों में बदलेगी विकास की तस्वीर

‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2’ के तहत भारत-पाक सीमा से लगे गांवों में सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। योजना के अंतर्गत स्मार्ट क्लासरूम, पर्यटन सर्किट, सामुदायिक विकास परियोजनाएं और स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने की तैयारी है।

सरकार का फोकस सीमावर्ती क्षेत्रों में पलायन रोकने और वहां के लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने पर भी रहेगा। स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों के माध्यम से ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की योजना तैयार की गई है।

जवानों का बढ़ेगा मनोबल

गृह मंत्री अमित शाह का सीमा चौकी दौरा जवानों के मनोबल को मजबूत करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे सीमा सुरक्षा व्यवस्था, आधुनिक तकनीकी निगरानी और सीमावर्ती इलाकों की चुनौतियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं।

राजनीतिक और सुरक्षा दृष्टि से इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि केंद्र सरकार सीमा क्षेत्रों के विकास और सुरक्षा को लेकर नई रणनीति पर तेजी से काम कर रही है।

Previous
Next

Related Posts