



बीकानेर | केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के बीकानेर आगमन पर सोमवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नाल एयरपोर्ट पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए उनका आत्मीय स्वागत किया। गृह मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही अलर्ट मोड पर थीं तथा एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पूरे क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी गई।
अमित शाह के स्वागत के दौरान कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इसके अलावा विधायक सिद्धि कुमारी, डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत, जेठानंद व्यास, अंशुमान सिंह भाटी तथा पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने भी एयरपोर्ट पहुंचकर केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया। प्रशासनिक स्तर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की निगरानी करते दिखाई दिए।
अमित शाह का यह दौरा सुरक्षा और राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बीकानेर प्रवास के दौरान वे भारत-पाक सीमा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों और जवानों से संवाद करेंगे। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठकों का आयोजन भी प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय और सांचू बॉर्डर क्षेत्र का दौरा भी कर सकते हैं। उनके कार्यक्रमों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और चिकित्सा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया है। सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर भाजपा संगठन भी पूरी तरह सक्रिय नजर आया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बीकानेर में स्वागत कार्यक्रमों की व्यापक तैयारियां की थीं। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह दौरा सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, सुरक्षा व्यवस्था और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होगा।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार अमित शाह का बीकानेर दौरा प्रदेश की राजनीति और सीमा क्षेत्र के विकास कार्यों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाओं और बैठकों की भी संभावना जताई जा रही है।