Monday, 25 May 2026

अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची कोलकाता पुलिस, अवैध निर्माण मामले में बढ़ी कार्रवाई


अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची कोलकाता पुलिस, अवैध निर्माण मामले में बढ़ी कार्रवाई

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

कोलकाता | अवैध निर्माण मामले में सोमवार को कोलकाता पुलिस की एक विशेष टीम तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव अभिषेक बनर्जी के हरीश मुखर्जी रोड स्थित आवास ‘शांतिनिकेतन’ पहुंची। यह कार्रवाई कोलकाता नगर निगम (KMC) द्वारा जारी नोटिस के बाद की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और निर्माण से जुड़े पहलुओं की जांच की।

सूत्रों के अनुसार, कथित अवैध निर्माण वाले हिस्से को गिराने के आदेश भी जारी किए गए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि नगर निगम के नोटिस के जवाब में अभिषेक बनर्जी ने रविवार को निगम अधिकारियों को पत्र लिखकर 14 दिन का अतिरिक्त समय मांगा था।

17 संपत्तियां जांच के दायरे में

कोलकाता नगर निगम के अनुसार, अभिषेक बनर्जी, उनके परिवार और उनसे जुड़ी कंपनी की कुल 17 संपत्तियां जांच के दायरे में हैं। निगम का आरोप है कि इन संपत्तियों के निर्माण में नियमों का उल्लंघन किया गया है। KMC एक्ट 1980 की धारा 400(1) के तहत सभी संबंधित पतों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, नगर निगम के असेसमेंट विभाग ने प्रारंभिक जांच में 42 संपत्तियों की सूची तैयार की थी, जिसे बाद में घटाकर 17 कर दिया गया। इन संपत्तियों के निर्माण, नक्शा स्वीकृति और उपयोग संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

मेयर फिरहाद हकीम ने अनभिज्ञता जताई

पूरे मामले पर कोलकाता के मेयर और TMC विधायक फिरहाद हकीम ने कहा कि उन्हें इस नोटिस की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि निगम की कार्रवाई और नोटिस से संबंधित विवरण संबंधित विभाग ही स्पष्ट कर सकता है।

राजनीतिक हलकों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। विपक्ष इस मामले को लेकर TMC पर निशाना साध रहा है, जबकि पार्टी की ओर से अभी विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सुरक्षा में कटौती के बाद बढ़ी हलचल

4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के दो दिन बाद अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा व्यवस्था में भी कटौती की गई थी। उनके हरीश मुखर्जी रोड स्थित आवास के बाहर तैनात पुलिस बल को कम किया गया था और सुरक्षा बैरिकेडिंग व जांच मशीनें भी हटाई गई थीं।

TMC दफ्तर और क्लॉक टावर पर भी चला बुलडोजर

इससे पहले 14 मई को नगर निगम ने एक कार्रवाई के तहत TMC के एक दफ्तर और क्लॉक टावर को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया था। आरोप था कि यह निर्माण खेल मैदान की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया गया था। इस मामले में कोर्ट पहले ही कार्रवाई के आदेश दे चुका था।

इसके अलावा 5 मई को विधानसभा चुनाव परिणामों के अगले दिन कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में भी TMC का एक अन्य कार्यालय हटाया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल बनी हुई है।

    Previous
    Next

    Related Posts