Monday, 25 May 2026

टोंक के बरवास में विकास कार्यों का किया लोकार्पण: पंचायत और निकाय चुनाव टालकर जनता का हक छीन रही सरकार : सचिन पायलट


टोंक के बरवास में विकास कार्यों का किया लोकार्पण: पंचायत और निकाय चुनाव टालकर जनता का हक छीन रही सरकार : सचिन पायलट

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक | कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं टोंक विधायक सचिन पायलट ने पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर पंचायत, पंचायत समिति, जिला परिषद और नगर निकायों के चुनाव टाल रही है, जिससे प्रदेश की जनता का लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार हाईकोर्ट की फटकार के बावजूद सरकार बहाने बनाकर चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से बच रही है।

सचिन पायलट सोमवार को टोंक प्रवास के दौरान पंचायत समिति टोंक की ग्राम पंचायत पालड़ा तथा टोडारायसिंह क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरवास एवं छान बाससूर्या के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रदेश की जनता बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन सरकार आमजन की समस्याओं की ओर ध्यान देने के बजाय धार्मिक ध्रुवीकरण और गैरजरूरी मुद्दों में उलझी हुई है।

कांग्रेस सरकारों की योजनाओं का किया उल्लेख

पायलट ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने हमेशा जनता के पैसे को सीधे जनता तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने मनरेगा, शिक्षा का अधिकार और स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीब, किसान और कमजोर वर्गों को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक कानून बनाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनहित के मुद्दों पर विफल साबित हो रही है और प्रशासन पर उसका नियंत्रण कमजोर पड़ चुका है।

महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

अपने संबोधन में सचिन पायलट ने महिला सशक्तिकरण को लेकर भी विशेष टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि महिलाएं यदि परिवार और घर को बेहतर तरीके से संभाल सकती हैं तो वे उत्कृष्ट जनप्रतिनिधि भी बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने की समर्थक रही है, जबकि विरोधी दलों ने इस दिशा में बाधाएं खड़ी कीं।

उन्होंने कहा कि पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को जो प्रतिनिधित्व मिला है, वह कांग्रेस की दूरदर्शी सोच और नीतियों का परिणाम है। पायलट ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से लोकतंत्र और अधिक मजबूत हुआ है।

टोंक के विकास में कमी नहीं आने का भरोसा

सचिन पायलट ने टोंक क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया कि विपक्ष में होने के बावजूद क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने लोगों से भावनात्मक और लोकलुभावन नारों से बचकर ऐसे नेतृत्व को मजबूत करने की अपील की, जो समाज के हर वर्ग—गरीब, किसान, महिला, दलित, पिछड़े और आदिवासी—को साथ लेकर चलता हो।

विकास कार्यों का लोकार्पण

दौरे के दौरान पायलट ने कई विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बरवास में विधायक कोष से 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो कक्षा-कक्षों का उद्घाटन किया। इसके अलावा ग्राम बरवास में विधायक कोष से 10 लाख रुपये की राशि से निर्मित सम्मेल का नाका पड़ाव एनिकट मरम्मत कार्य का भी लोकार्पण किया।

ग्रामीणों ने इस अवसर पर क्षेत्रीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को भी उनके सामने रखा, जिनके समाधान का आश्वासन पायलट ने दिया।

Previous
Next

Related Posts