Monday, 25 May 2026

गहलोद बनास नदी हाई लेवल ब्रिज पर 26 से 30 मई तक आवागमन बंद, लॉड टेस्ट के चलते यातायात रहेगा प्रभावित


गहलोद बनास नदी हाई लेवल ब्रिज पर 26 से 30 मई तक आवागमन बंद, लॉड टेस्ट के चलते यातायात रहेगा प्रभावित

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक | बनास नदी स्थित गहलोद हाई लेवल ब्रिज पर 26 मई से 30 मई तक लॉड टेस्ट किया जाएगा। इस दौरान ब्रिज पर सभी दुपहिया और चौपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से आईआरसी मानकों और अनुबंध की शर्तों के अनुसार यह तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है। प्रशासन ने आमजन से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

अधिशाषी अभियंता नागेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि 26 मई को लॉड टेस्ट से संबंधित मशीनरी को ब्रिज पर शिफ्ट कर परीक्षण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टेस्टिंग के दौरान विभागीय इंजीनियरों की विशेष टीम मौके पर तैनात रहेगी, जो मशीनों और पूरी तकनीकी प्रक्रिया की निगरानी करेगी। विभाग का कहना है कि पुल की क्षमता और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए यह परीक्षण बेहद जरूरी है।

पुल के दोनों ओर तैनात रहेगा पुलिस जाप्ता

यातायात पूरी तरह बंद रखने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग से सहयोग मांगा गया है। अधिकारियों के अनुसार 26 से 30 मई तक पुल के दोनों सिरों पर पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा, ताकि किसी भी वाहन को पुल पर प्रवेश नहीं करने दिया जाए। सुरक्षा कारणों को देखते हुए आम लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है।

वैकल्पिक मार्ग से होगा आवागमन

प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी तय की है। गहलोद गांव और उससे आगे के क्षेत्रों से टोंक जिला मुख्यालय आने वाले सभी दुपहिया और चौपहिया वाहन झिराना-सोहेला सड़क मार्ग होकर टोंक पहुंच सकेंगे। वहीं टोंक नगर परिषद क्षेत्र से गहलोद और मालपुरा की ओर जाने वाले वाहन भी सोहेला-झिराना मार्ग का उपयोग करेंगे।

अधिकारियों ने कहा कि लॉड टेस्ट पूरा होने के बाद ही पुल पर दोबारा यातायात शुरू किया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Previous
Next

Related Posts