



टोंक | कांग्रेस महासचिव एवं टोंक विधायक सचिन पायलट ने सोमवार को अपने टोंक विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान केंद्र सरकार पर महंगाई, नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और विदेश नीति जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद लगातार पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, जिससे आम जनता पर महंगाई की दोहरी मार पड़ रही है।
सचिन पायलट ने कहा कि यदि सरकार को ईंधन की कीमतें बढ़ानी ही थीं तो चुनाव से पहले जनता को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने का सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ता है और इससे खाने-पीने सहित हर जरूरी सामान की कीमत बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार को आमजन की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है।
दौरे के दौरान पायलट ने क्षेत्र के कई गांवों में लोगों की समस्याएं सुनीं। साथ ही हाल ही में आत्महत्या करने वाले छात्र के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर पायलट ने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष परीक्षा में गड़बड़ी सामने आई है, लेकिन सरकार केवल जांच एजेंसियों को मामला सौंपकर अपनी जिम्मेदारी से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के पीछे संगठित शिक्षा माफिया सक्रिय है, जिस पर सरकार प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही।
उन्होंने कहा कि यह मामला तब उजागर हुआ जब विद्यार्थियों ने गेस पेपर और मुख्य प्रश्नपत्र में समानता की शिकायत की। पायलट ने कहा कि सरकार ने खुद कोई खुलासा नहीं किया, बल्कि छात्रों की शिकायतों के बाद मामला सामने आया।
सचिन पायलट ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत को हर देश के साथ बराबरी के स्तर पर संबंध रखने चाहिए और ऊर्जा नीति स्वतंत्र होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को यह तय करने का अधिकार होना चाहिए कि वह रूस, ईरान या वेनेजुएला जैसे देशों से तेल खरीदे या नहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पर बाहरी दबाव बढ़ रहा है, जिसका असर देश की आर्थिक नीतियों और किसानों पर पड़ सकता है।
निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर भी पायलट ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अदालत कई बार चुनाव कराने के निर्देश दे चुकी है, लेकिन अब तक चुनाव नहीं कराए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव से बच रही है क्योंकि उसे हार का डर सता रहा है और कांग्रेस की संभावित जीत का अंदेशा है।
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव नहीं होने के कारण राजस्थान को केंद्र से मिलने वाली हजारों करोड़ रुपये की राशि प्रभावित हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का उल्लेख करते हुए पायलट ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री लगातार विदेश यात्राएं कर रहे हैं और दूसरी ओर जनता को बचत करने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में गरीब जनता की जेब पर बोझ डाला जा रहा है और सरकार के मंत्री जवाबदेही से बच रहे हैं।