



जयपुर | अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को अपनी पत्नी जेनेट डी. रूबियो के साथ जयपुर पहुंचे और ऐतिहासिक आमेर महल का दौरा किया। आमेर महल के जलेब चौक में उनका पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान लोक कलाकारों ने घूमर, कालबेलिया और कच्छी घोड़ी नृत्य प्रस्तुत कर राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक दिखाई।
मार्को रूबियो और उनकी पत्नी ने आमेर महल के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। जयपुर के गाइड महेश शर्मा ने उन्हें आमेर के प्रसिद्ध शीश महल, गणेश पोल, दीवाने आम, दीवाने खास, सुख निवास और मावठा झील के इतिहास एवं स्थापत्य कला के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विदेशी मेहमानों ने महल की भव्यता और पारंपरिक वास्तुकला में विशेष रुचि दिखाई।
मार्को रूबियो दोपहर करीब डेढ़ बजे विशेष विमान से आगरा से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। विमान से उतरने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए “हैव फन” कहा। उनके साथ अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट से आमेर महल तक उनके काफिले की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।
उनके दौरे के दौरान एयरपोर्ट से आमेर तक करीब 19 किलोमीटर के रूट पर यातायात को अस्थायी रूप से रोका गया। जेएलएन मार्ग सहित कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रखा जा सके।
मार्को रूबियो की विजिट को देखते हुए आमेर महल को दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रखा गया। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने महल परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। आमेर क्षेत्र में पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों की लगातार निगरानी रही।
सूत्रों के अनुसार मार्को रूबियो का हाथी गांव जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया। हाथी गांव में उनके स्वागत और हाथियों से जुड़े विशेष कार्यक्रमों की तैयारियां की गई थीं।
आमेर महल का दौरा पूरा करने के बाद मार्को रूबियो अपनी पत्नी के साथ जयपुर के प्रसिद्ध हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस पहुंचे। यहां भी उनके स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। उनका यह दौरा भारत-अमेरिका संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।