



जयपुर | भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का रविवार को सफल समापन हुआ। सीकर रोड स्थित नींदड़ हेरिटेज रिजॉर्ट में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों, प्रकोष्ठ संयोजकों, मंडल प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल के नेतृत्व में 23 और 24 मई को किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक एकात्मता, वैचारिक मजबूती और राष्ट्रवादी सोच को केंद्र में रखते हुए कुल 11 महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् और “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुई। प्रशिक्षण वर्ग की संयोजक रेखा राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम में रात्रि विश्राम, भोजन और प्रशिक्षण की संपूर्ण व्यवस्थाएं परिसर में ही की गई थीं, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीयता और अनुशासन का विशेष वातावरण देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान भाजपा की वैचारिक यात्रा, संगठन की कार्यपद्धति, बूथ सशक्तिकरण, सोशल मीडिया, नेतृत्व विकास और राष्ट्रवादी चिंतन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने “हमारी कार्यपद्धति” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की मूल भावना “राष्ट्र सेवा और राष्ट्र प्रथम” है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को आत्मसात करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सेवा पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का सहभागी होता है।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राज्य एवं केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है।
राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी ने “वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर भाजपा की विचारधारा, राष्ट्रवादी चिंतन और संगठनात्मक मूल्यों पर प्रकाश डाला। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्रवादी विचारों से प्रेरित वैचारिक परिवार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के हर वर्ग तक सेवा और विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने देश के समक्ष चुनौतियों और भाजपा सरकार के प्रयासों पर चर्चा की। वहीं राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने संगठन विस्तार की दृष्टि पर मार्गदर्शन दिया। राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने बूथ प्रबंधन, “मन की बात” और स्थायी कार्यक्रमों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया।
प्रशिक्षण वर्ग में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका पर भी विशेष फोकस रहा। प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक हीरेंद्र कौशिक ने सोशल मीडिया, एआई, नमो ऐप और सरल ऐप के प्रभावी उपयोग पर जानकारी दी। प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बागड़ी ने पार्टी के इतिहास और विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। वहीं प्रभुलाल सैनी ने कार्यकर्ता विकास, संवाद और दायित्व बोध पर कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, मुकेश पारीक, राजेंद्र सिंह शेखावत और विमल कटिहार सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी व्यवहारिक सत्रों में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रातःकालीन योग सत्र और शाखा का आयोजन भी किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की आत्मा होते हैं और ऐसे आयोजन कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, संस्कार और संगठन के सिद्धांतों के साथ समाज के बीच कार्य करता है।
पूरे प्रशिक्षण वर्ग के दौरान अनुशासन, संगठनात्मक समर्पण और वैचारिक गंभीरता का विशेष वातावरण देखने को मिला। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यकर्ताओं ने भी इस प्रशिक्षण वर्ग को नई ऊर्जा, नई प्रेरणा और संगठन के प्रति अधिक समर्पण देने वाला अनुभव बताया।