Monday, 25 May 2026

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो 25 मई दोपहर करीब 2 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे होगा स्वागत , आमेर महल पर्यटकों के लिए रहेगा बंद


 अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो  25 मई  दोपहर करीब 2 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे होगा स्वागत , आमेर महल पर्यटकों के लिए रहेगा बंद

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर | अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो  25 मई सोमवार को जयपुर दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। रूबियो जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों आमेर महल और सिटी पैलेस का भ्रमण करेंगे। उनके कार्यक्रम को देखते हुए आमेर महल को सोमवार दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। इसके अलावा उनके हाथी गांव जाने की भी संभावना जताई जा रही है, जहां विशेष तैयारियां की गई हैं।

जानकारी के अनुसार मार्को रूबियो सोमवार 25 मई दोपहर करीब 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके स्वागत और सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट से लेकर वीवीआईपी रूट तक विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। रूबियो जयपुर के प्रसिद्ध हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस में ठहरेंगे, जहां प्रशासन और होटल प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। वे मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

आमेर महल में होगा पारंपरिक राजस्थानी स्वागत

अमेरिकी विदेश मंत्री के स्वागत के लिए आमेर महल के जलेब चौक में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी उनकी अगवानी करेंगी। इस दौरान लोक कलाकार घूमर, कालबेलिया और कच्ची घोड़ी नृत्य के माध्यम से राजस्थानी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। कठपुतली कलाकार भी अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन करेंगे।

प्रशासन ने आमेर महल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। विदेशी मेहमान के दौरे को लेकर पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

हाथी गांव में भी विशेष तैयारियां

सूत्रों के अनुसार मार्को रूबियो हाथी गांव का भी दौरा कर सकते हैं। इसे देखते हुए वहां भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। हाथी गांव में तालाब किनारे हाथियों को सजाकर रखा जाएगा और उनके लिए विशेष कार्यक्रम की तैयारी की गई है। प्रशासन की ओर से हाथियों को फल खिलाने और पारंपरिक तरीके से स्वागत की योजना भी बनाई गई है।

हाथी गांव विकास समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि विदेशी मेहमान को राजस्थान में हाथियों के संरक्षण, देखभाल और पारंपरिक संस्कृति से जुड़ी जानकारी भी दी जा सकती है। इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के जयपुर दौरे के दौरान भी हाथियों द्वारा पारंपरिक स्वागत किया गया था।

24 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध

मार्को रूबियो के दौरे को देखते हुए जयपुर पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर 25 और 26 मई को शहर के 24 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। एडिशनल कमिश्नर योगेश दाधीच द्वारा जारी आदेश के अनुसार एयरपोर्ट, सांगानेर, जवाहर सर्किल, मालवीय नगर, गांधी नगर, मोती डूंगरी, आदर्श नगर, आमेर, ब्रह्मपुरी, माणक चौक सहित कई संवेदनशील इलाकों में ड्रोन संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां होटल, पर्यटन स्थलों और वीवीआईपी मूवमेंट वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। ट्रैफिक मैनेजमेंट और आमजन की आवाजाही को लेकर भी विशेष प्लान तैयार किया गया है।

Previous
Next

Related Posts