



अजमेर | कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने रविवार को विश्व प्रसिद्ध अजमेर शरीफ दरगाह पहुंचकर गरीब नवाज ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर चादर और फूल पेश किए। इस दौरान नेताओं ने देश और प्रदेश में अमन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी।
दरगाह जियारत के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पारंपरिक तरीके से अकीदत पेश की और ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर देश में शांति, सामाजिक सौहार्द और जनता की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। नेताओं के साथ दिल्ली कांग्रेस के सह प्रभारी दानिश अबरार, कांग्रेस विधायक इंद्रा मीणा और संजय जाटव भी मौजूद रहे।
अजमेर दरगाह में कांग्रेस नेताओं के इस दौरे को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दरअसल, पुष्कर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के बीच वरिष्ठ नेताओं का अजमेर शरीफ पहुंचना संगठनात्मक और जनसंपर्क गतिविधियों का हिस्सा माना जा रहा है।
दरगाह परिसर में कांग्रेस नेताओं के पहुंचने पर समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था के बीच नेताओं ने जियारत कर सूफी परंपरा और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया।