Sunday, 24 May 2026

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का जयपुर दौरा 25 मई को, आमेर महल पर्यटकों के लिए रहेगा बंद


अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का जयपुर दौरा 25 मई  को, आमेर महल पर्यटकों के लिए रहेगा बंद

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर | अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को जयपुर दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। रूबियो आमेर महल और सिटी पैलेस का दौरा करेंगे। वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा कारणों के चलते आमेर महल को  25 मई सोमवार दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि वे हाथी गांव भी जा सकते हैं, जहां विशेष तैयारियां की गई हैं।

आमेर महल में होगा पारंपरिक राजस्थानी स्वागत

मार्को रूबियो के स्वागत के लिए आमेर महल के जलेब चौक में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोक कलाकार घूमर, कालबेलिया और कच्ची घोड़ी नृत्य के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा कठपुतली कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी आमेर महल में उनकी अगवानी करेंगी।

जानकारी के अनुसार मार्को रूबियो सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे जयपुर के प्रतिष्ठित हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस में ठहरेंगे। होटल परिसर में भी विशेष सुरक्षा और स्वागत व्यवस्थाएं की गई हैं। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

हाथी गांव में भी विशेष तैयारियां

सूत्रों के मुताबिक रूबियो के हाथी गांव जाने की संभावना को देखते हुए वहां भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हाथियों के पारंपरिक स्वागत, भोजन व्यवस्था और संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को प्रदर्शित करने की योजना बनाई गई है। हाथी गांव विकास समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि विदेशी मेहमान को राजस्थान में हाथियों की देखभाल और संरक्षण व्यवस्था की जानकारी भी दी जाएगी।

जयपुर के 24 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर रोक

मार्को रूबियो के दौरे को देखते हुए जयपुर पुलिस ने 25 और 26 मई को शहर के 24 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त योगेश दाधीच द्वारा जारी आदेश के अनुसार एयरपोर्ट, आमेर, मालवीय नगर, गांधी नगर, मोती डूंगरी, आदर्श नगर, अशोक नगर, कोतवाली, रामगंज, ब्रह्मपुरी सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में बिना अनुमति ड्रोन संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर

रूबियो के दौरे को लेकर जयपुर पुलिस, प्रशासन और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने होटल, पर्यटन स्थलों और संभावित वीवीआईपी रूट्स पर सुरक्षा बढ़ा दी है। ट्रैफिक मैनेजमेंट, आमजन की आवाजाही और वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर विशेष प्लान लागू किया गया है। अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि दौरे के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

    Previous
    Next

    Related Posts