



सीकर | सीकर जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हवाला कारोबार से जुड़े 19 लाख रुपए बरामद किए हैं। पुलिस ने चांदपोल चौकी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में नकदी मिली। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो युवकों को डिटेन कर पूछताछ शुरू की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इनकम टैक्स विभाग को भी सूचना दे दी है, जो अब पैसों के स्रोत और हवाला नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच करेगा।
कोतवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया कि 23 मई को चांदपोल चौकी प्रभारी तूफान सिंह को ह्यूमन इंटेलिजेंस के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक बलेनो कार में दो युवक भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर सालासर रोड पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें 19 लाख रुपए नकद बरामद हुए।
पुलिस ने वाहन में सवार मोहम्मद मुशरफ (19) पुत्र मुस्तफा खोखर निवासी डूंडलोद तथा मोहम्मद इकराम (27) पुत्र मोहम्मद निजामुद्दीन को डिटेन किया। पूछताछ के दौरान दोनों युवक नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत पूरी राशि जब्त कर ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों का एक भाई विदेश में रहता है और उसी के कहने पर यह रकम किसी व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस को हवाला लेनदेन की आशंका है। फिलहाल पूरे मामले की सूचना इनकम टैक्स विभाग को भेज दी गई है, जो अब आर्थिक लेनदेन, पैसों के स्रोत और संभावित हवाला कनेक्शन की विस्तृत जांच करेगा।
इस कार्रवाई में चांदपोल चौकी प्रभारी तूफान सिंह के साथ कॉन्स्टेबल राजकुमार और हरलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह रकम किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।