Sunday, 24 May 2026

राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद भाजपा की पहचान : गोपीचंद मीणा


राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद भाजपा की पहचान : गोपीचंद मीणा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक | भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष एवं जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र सेवा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की वैचारिक पृष्ठभूमि को मजबूत करते हुए राष्ट्र चेतना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। मीणा रविवार को टोंक जिले के देवली में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम सत्र को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा अन्य राजनीतिक दलों से अलग विचारधारा आधारित संगठन है, जहां परिवारवाद नहीं बल्कि विचारवाद को प्राथमिकता दी जाती है। भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को पार्टी की वैचारिक शक्ति बताया।

गोपीचंद मीणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और गरीब कल्याण जैसी योजनाओं ने देश को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में राष्ट्र सेवा और सामाजिक समरसता की भावना को आगे बढ़ा रही है।

योग अभ्यास से हुई प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत

प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन की शुरुआत भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में योग अभ्यास से हुई। आठवें सत्र में भाजपा प्रदेश सहकोषाध्यक्ष श्याम अग्रवाल ने बूथ प्रबंधन, “मन की बात” और आईटी से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता का मूल आधार मजबूत बूथ प्रबंधन और डिजिटल युग के अनुरूप कार्यशैली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

भाजपा में राजनीति जनसेवा का माध्यम : राजेंद्र पराना

नवम सत्र में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराना ने कार्यकर्ता विकास, गुण और आचरण पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा में राजनीति सत्ता पाने का साधन नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। कार्यकर्ताओं के व्यवहार, अनुशासन और विनम्रता को भाजपा की मूल पहचान बताया गया।

दसवें सत्र में पूर्व जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी ने वैचारिक विषयों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रशिक्षण शिविरों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को सैद्धांतिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें जनसेवा के लिए तैयार करना है।

सकारात्मक परसेप्शन निर्माण पर जोर

महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री मुकेश कंवर ने संगठन के लिए सकारात्मक परसेप्शन निर्माण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के आचरण, जनहितैषी नीतियों और डिजिटल संचार के माध्यम से संगठन की सकारात्मक छवि तैयार होती है। “राष्ट्र प्रथम” और “अंत्योदय” भाजपा की कार्यशैली की आधारशिला हैं।

कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण वर्ग में कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, विधायक राजेंद्र गुर्जर, विधायक रामसहाय वर्मा, जिला सह प्रभारी रामानंद गुर्जर,डॉ.विक्रम गुर्जर सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टोंक के देवली में आयोजित भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा नेता
टोंक के देवली में आयोजित भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा नेता
Previous
Next

Related Posts