Saturday, 29 August 2026

देशनोक में भाजपा देहात प्रशिक्षण शिविर का समापन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान


देशनोक में भाजपा देहात प्रशिक्षण शिविर का समापन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बीकानेर | भारतीय जनता पार्टी बीकानेर देहात की ओर से देशनोक में आयोजित दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण शिविर’ का शनिवार को समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन विभिन्न सांगठनिक, वैचारिक और राजनीतिक विषयों पर सत्र आयोजित किए गए, जिनमें पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। शिविर में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा और भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने देश की आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर आयोजित सत्र में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि तमाम अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।

जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान

अर्जुनराम मेघवाल ने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी लगातार मजबूत हो रही है।

कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने विधानसभा वार आयोजित व्यावहारिक सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की असली शक्ति बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। उन्होंने आगामी चुनावों के मद्देनजर प्रत्येक बूथ को मजबूत और सक्रिय बनाने पर जोर दिया। गोदारा ने कहा कि संगठनात्मक गतिविधियों में कार्यकर्ताओं की निरंतर भागीदारी भाजपा की सफलता की कुंजी है।

वैचारिक और प्रबंधन विषयों पर विशेष सत्र

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने प्रशिक्षण शिविर को कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर संगठनात्मक अनुशासन, विचारधारा और कार्यशैली को समझने का महत्वपूर्ण मंच होते हैं।

शिविर में बलवीर बिश्नोई ने ‘विचार परिवार’ विषय पर सत्र लिया, जबकि अभिषेक राजवी ने कार्यकर्ताओं को ‘बूथ प्रबंधन’ के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, रामगोपाल सुथार, जालमसिंह भाटी सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। शिविर का समापन राष्ट्रगान और भारत माता के जयघोष के साथ किया गया।

    Previous
    Next

    Related Posts