



जयपुर | जयपुर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर जयपुर साउथ पुलिस ने शुक्रवार को अजमेर रोड स्थित आइकोनिक स्पा सेंटर पर छापा मारकर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि स्पा सेंटर में मौजूद छह युवतियों से पूछताछ के बाद उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अपनी “ऊपर तक पहुंच” होने की धमकी भी दी।
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि थाना सोडाला पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सोडाला चौराहे के पास स्थित आइकोनिक स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर एसआई जयकुमार और चेतक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्पा सेंटर की जांच की। पुलिस टीम ने परिसर में मौजूद लोगों से पूछताछ की और गतिविधियों की जांच की।
पुलिस जांच के दौरान स्पा सेंटर में छह युवतियां और दो युवक मौजूद मिले। पुलिस ने युवतियों की गरिमा का ध्यान रखते हुए उनसे आवश्यक पूछताछ की और समझाइश देकर रवाना कर दिया। वहीं, दोनों युवकों से पूछताछ के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और पुलिसकर्मियों को धमकाने लगे।
डीसीपी के अनुसार आरोपियों ने कहा कि उनकी “बहुत ऊपर तक पहुंच” है और पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम ने दोनों को काबू कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान उत्तम दास निवासी वेद वाटिका, गोपालपुरा और शरीफ मोहम्मद निवासी शिव नगर, मुहाना के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आइकोनिक स्पा सेंटर में संचालित गतिविधियों की भी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, अवैध गतिविधि या अनैतिक कारोबार के प्रमाण सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हाल के समय में जयपुर में स्पा सेंटरों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस निगरानी बढ़ा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में संचालित स्पा और वेलनेस सेंटरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।