Sunday, 24 May 2026

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीकानेर दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट: 50 अधिकारियों की टीम तैनात, अस्पताल में रिजर्व वार्ड और विशेष मेडिकल व्यवस्था


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीकानेर दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट: 50 अधिकारियों की टीम तैनात, अस्पताल में रिजर्व वार्ड और विशेष मेडिकल व्यवस्था

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बीकानेर | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 25 मई को प्रस्तावित बीकानेर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। दौरे के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा, यातायात और वीवीआईपी प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन किसी भी स्तर पर चूक नहीं चाहता, इसलिए अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार के कई मंत्री भी बीकानेर पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को वीवीआईपी प्रोटोकॉल के अनुसार अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

50 अधिकारियों की विशेष टीम गठित

दौरे की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन की ओर से करीब 50 अधिकारियों की विशेष टीम बनाई गई है। यह टीम सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, आवास, भोजन, चिकित्सा, हेलीपैड, एयरपोर्ट मूवमेंट और कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी।

जिला कलक्टर द्वारा जारी आदेशों में संबंधित अधिकारियों को अतिरिक्त कार्मिक तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी पर लगाए जाने वाले सभी कर्मचारियों के प्रवेश पत्र तैयार करना भी अनिवार्य किया गया है।

प्रशासनिक अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने और लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।

पीबीएम अस्पताल में विशेष मेडिकल इंतजाम

गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए पीबीएम अस्पताल प्रशासन ने भी विशेष चिकित्सा व्यवस्थाएं की हैं। हल्दीराम हृदय रोग विभाग में अलग से एक रिजर्व वार्ड तैयार किया गया है, जहां 24 घंटे डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य चिकित्सा कर्मी तैनात रहेंगे।

अस्पताल प्रशासन ने दौरे के दौरान चार एंबुलेंस स्टैंडबाय रखने का फैसला किया है। इनमें—

  • बीएसएफ कैंपस

  • नाल एयरपोर्ट

  • सांचू बॉर्डर

  • पीबीएम अस्पताल

पर एक-एक एंबुलेंस तैनात रहेगी।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रहेगी मौजूद

सभी एंबुलेंस में हृदय रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ और एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और लैब तकनीशियनों की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

ब्लड रिजर्व की भी व्यवस्था

आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने ए पॉजिटिव ब्लड ग्रुप का विशेष रिजर्व भी तैयार रखा है। दो यूनिट ब्लड एंबुलेंस में उपलब्ध रहेगा, जबकि दो यूनिट अतिरिक्त ब्लड अस्पताल में रिजर्व रखा गया है।

सुरक्षा एजेंसियां लगातार कर रहीं मॉनिटरिंग

प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां दौरे से जुड़ी हर गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। बीकानेर शहर, नाल एयरपोर्ट, बीएसएफ परिसर और सांचू बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि गृह मंत्री के दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत और प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।

Previous
Next

Related Posts