Saturday, 23 May 2026

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो 25 मई को जयपुर दौरे पर, आमेर महल में होगा पारंपरिक स्वागत


अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो 25 मई को जयपुर दौरे पर, आमेर महल में होगा पारंपरिक स्वागत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर | अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो 25 मई को जयपुर दौरे पर आएंगे। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे 25 मई को दोपहर 2 बजे जयपुर पहुंचेंगे और 26 मई सुबह 6:30 बजे यहां से रवाना होंगे। उनके दौरे को लेकर जयपुर प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

दौरे के दौरान मार्को रूबियो जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। वे 25 मई को दोपहर 3 बजे आमेर महल पहुंचेंगे, जहां राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी उनका स्वागत करेंगी।

आमेर महल में दिखेगी राजस्थानी संस्कृति की झलक

आमेर महल के जलेब चौक में अमेरिकी विदेश मंत्री के स्वागत के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से पारंपरिक राजस्थानी लोक संस्कृति की प्रस्तुति की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। लोक कलाकारों और सांस्कृतिक दलों को भी इस अवसर के लिए तैयार किया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार स्वागत कार्यक्रम में राजस्थान की लोक परंपराओं, संगीत और सांस्कृतिक विरासत की विशेष झलक दिखाई जाएगी, ताकि विदेशी प्रतिनिधिमंडल को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराया जा सके।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर

मार्को रूबियो के दौरे को देखते हुए जयपुर पुलिस, प्रशासन और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित रूट और कार्यक्रम स्थलों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

सुरक्षा एजेंसियां होटल, पर्यटन स्थलों और वीवीआईपी मूवमेंट वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी बनाए हुए हैं। इसके अलावा ट्रैफिक मैनेजमेंट और आम लोगों की आवाजाही को लेकर भी विशेष योजना तैयार की जा रही है, ताकि दौरे के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर अहम माना जा रहा दौरा

बताया जा रहा है कि मार्को रूबियो 24 से 26 मई तक भारत के विभिन्न शहरों का दौरा करेंगे। इस दौरान उनका नई दिल्ली, जयपुर, आगरा और कोलकाता जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

भारत दौरे के दौरान वे कई महत्वपूर्ण बैठकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले सकते हैं। राजनीतिक और कूटनीतिक जानकार इस यात्रा को भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक, आर्थिक और राजनयिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मान रहे हैं।

जयपुर दौरे को लेकर पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन भी विशेष तैयारियों में जुटा हुआ है, क्योंकि यह दौरा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान की पर्यटन और सांस्कृतिक छवि को भी नई पहचान दिला सकता है।

Previous
Next

Related Posts