



जयपुर | दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने जयपुर में हृदय संबंधी उपचार करवाया। सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत के बाद उन्हें जयपुर के राजस्थान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी सफल एंजियोप्लास्टी की। उपचार के बाद शुक्रवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार बलकौर सिंह पिछले कुछ दिनों से सीने में दर्द और बेचैनी महसूस कर रहे थे। उन्होंने प्रारंभिक जांच चंडीगढ़ स्थित पीजीआई अस्पताल में भी करवाई थी, लेकिन राहत नहीं मिलने पर जयपुर में इलाज कराने का निर्णय लिया।
जयपुर में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र सिंह राव की देखरेख में उनकी विस्तृत जांच की गई। मेडिकल जांच में हृदय की एक आर्टरी में ब्लॉकेज पाया गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत एंजियोप्लास्टी करने का फैसला लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद उनकी सेहत में लगातार सुधार देखा गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार फिलहाल बलकौर सिंह की स्थिति स्थिर है और डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय आराम करने के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह दी है।
इलाज के दौरान उनकी पत्नी चरण कौर, बेटे शुभदीप सिंह सिद्धू और परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में मौजूद रहे। परिवार की ओर से इलाज और सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरती गई।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से बलकौर सिंह लगातार सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं और अपने बेटे को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसी कारण सुरक्षा एजेंसियां भी उनके प्रति विशेष सतर्क रहती हैं।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए बलकौर सिंह का जयपुर दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। इससे पहले बलकौर सिंह और उनके परिवार को गैंगस्टर लॉरेंस गैंग की ओर से धमकियां भी मिल चुकी हैं। इसी वजह से अस्पताल प्रशासन और परिवार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती।
सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने बलकौर सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।