Saturday, 23 May 2026

मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान बड़ा हादसा: जयपुर-सीकर हाईवे पर खड़ी गाड़ियों में घुसी स्लीपर बस, 6 घायल


मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान बड़ा हादसा: जयपुर-सीकर हाईवे पर खड़ी गाड़ियों में घुसी स्लीपर बस, 6 घायल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर | जयपुर-सीकर हाईवे पर शनिवार शाम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यक्रम के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। बड़पीपली के पास सनसिटी गेट क्षेत्र में मुख्यमंत्री के काफिले को निकालने के लिए रोके गए वाहनों में एक तेज रफ्तार स्लीपर बस जा घुसी। हादसे में करीब छह लोग घायल हो गए, जबकि आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार भाजपा जयपुर जिला शहर का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर बड़पीपली बस स्टैंड के पास सनसिटी गार्डन में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी भी शामिल हुए थे।

शनिवार शाम करीब 6:15 बजे मुख्यमंत्री का काफिला कार्यक्रम स्थल से जयपुर लौट रहा था। इसी दौरान राजावास पुलिया के पास पुलिस ने ट्रैफिक को अस्थायी रूप से रोक रखा था ताकि काफिला सुरक्षित निकल सके।

खड़ी गाड़ियों में पीछे से घुसी बस

इसी दौरान अहमदाबाद से पर्यटकों को लेकर खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर खड़ी गाड़ियों में जा घुसी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है।

बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर से कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। एक कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, जिससे अंदर बैठे लोग फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।

हाईवे पर लंबा जाम, लोगों में आक्रोश

दुर्घटना के बाद जयपुर-सीकर हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। भीड़ में बस चालक के खिलाफ भारी नाराजगी दिखाई दी और कुछ लोगों ने बस पर पथराव भी शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी राजेश गुप्ता, हरमाड़ा थानाधिकारी उदय सिंह यादव सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि मुख्यमंत्री का काफिला हादसे से कुछ समय पहले ही वहां से निकल चुका था।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के पीछे तकनीकी खराबी और लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts